खबर के मुख्य बिंदु (Key Highlights)
Quick Read- भुरकुंडा बाजार से दिनदहाड़े एक व्यक्ति के अपहरण की घटना से इलाके में मचे हड़कंप के बीच रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा (42 वर्ष) को सकुशल बरामद कर लिया है।
- वहीं, इस वारदात में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
भुरकुंडा बाजार से अगवा कमलेश ठाकुर सकुशल बरामद, पांच अपहरणकर्ता गिरफ्तार
रांची से पीछा कर भुरकुंडा में किया था अपहरण, मारपीट के बाद पिठोरिया के जंगल में छोड़कर भागे अपराधी; पुलिस ने सफेद स्विफ्ट कार समेत चार मोबाइल किए बरामद
@Ramgarh Live – पतरातू – रामगढ़। भुरकुंडा बाजार से दिनदहाड़े एक व्यक्ति के अपहरण की घटना से इलाके में मचे हड़कंप के बीच रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा (42 वर्ष) को सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं, इस वारदात में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गणेश ज्वेलर्स के पास से किया था अपहरण
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 की शाम करीब चार से पांच बजे के बीच भुरकुंडा बाजार स्थित गणेश ज्वेलर्स के समीप कमलेश ठाकुर को अपराधियों ने घेर लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट करते हुए जबरन सफेद रंग की स्विफ्ट कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। कमलेश की पत्नी रिंकू देवी के लिखित आवेदन पर पतरातू (भुरकुंडा ओपी) थाना में कांड संख्या 307/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(1), 119(1) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस की दबिश से अपहृत को छोड़कर भागे अपराधी
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापामारी दल गठित किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर अपराधियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश से घबराकर अपराधियों ने कमलेश ठाकुर को रांची के पिठोरिया स्थित जंगल के समीप छोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया।
रांची रिंग रोड से पांचों आरोपित गिरफ्तार
अपहृत की बरामदगी के बाद पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी। 24 नवंबर की रात रांची रिंग रोड स्थित लॉ कॉलेज (हॉस्टल) के समीप घेराबंदी कर पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से अपहरण में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार (नंबर JH01CV-4472) भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद और आपसी रंजिश इस घटना की वजह बताई जा रही है। आरोपितों ने योजनाबद्ध तरीके से रांची से कमलेश का पीछा किया और भुरकुंडा बाजार से उनका अपहरण कर लिया। इसके बाद उन्हें उरीमारी, बड़कागांव, केरेडारी और टंडवा होते हुए गुमला ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई।
रामगढ़ और रांची के पांच आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रांची के धर्मेंद्र कुमार साव (31 वर्ष), राजमणि गुप्ता उर्फ बंटी (37 वर्ष), रोशन कुमार सिंह (30 वर्ष), घनश्याम सिंह (43 वर्ष) तथा रामगढ़ जिले के बरलंगा थाना क्षेत्र के रसदा गांव निवासी पीयूष कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने धर्मेंद्र कुमार साव के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, राजमणि गुप्ता और रोशन कुमार सिंह के पास से एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस प्रकार कुल चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
रोशन कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित रोशन कुमार सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध एटीएस थाना में कांड संख्या 04/24, दिनांक 3 जुलाई 2024 को यूएपीए समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज है।
इस पूरी कार्रवाई में पतरातू अंचल के पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह, भुरकुंडा ओपी प्रभारी शिवलाल कुजूर गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार, मुंडू कुमार शर्मा, पतरातू थाना के उपेंद्र कुमार और रामगढ़ के नैशाद कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
रामगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपहरण की गंभीर वारदात का खुलासा हुआ है और अपहृत व्यक्ति की सकुशल बरामदगी के साथ पांचों आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।

