खबर के मुख्य बिंदु (Key Highlights)
Quick Read- योधेश्वर सिंह भोगता की 27 नवंबर को प्रथम पुण्यतिथि मनाई जाएगी।
- इस अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण कर उनके संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक योगदान को सम्मान दिया जाएगा।
- मजदूर आंदोलन से शुरू हुआ राजनीतिक सफर स्व।
झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता थे स्व. योधेश्वर सिंह भोगता, प्रथम पुण्यतिथि पर होगा प्रतिमा का अनावरण
मजदूरों के अधिकार से लेकर अलग झारखंड राज्य और आदिवासी समाज की पहचान तक के लिए जीवनभर किया संघर्ष, पूर्व विधायक टेकलाल महतो के रहे करीबी सहयोगी

@Ramgarh Live – वेस्ट बोकारो – रामगढ़ : झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, मजदूरों और विस्थापितों की आवाज तथा खरवार-भोगता समाज के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष करने वाले स्व. योधेश्वर सिंह भोगता की 27 नवंबर को प्रथम पुण्यतिथि मनाई जाएगी। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण कर उनके संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक योगदान को सम्मान दिया जाएगा। स्व. भोगता का जीवन राजनीतिक संघर्ष, सामाजिक एकजुटता और जनसेवा की ऐसी मिसाल रहा है, जिसने वेस्ट बोकारो, घाटोटांड, चरही और मांडू क्षेत्र की राजनीति एवं सामाजिक गतिविधियों को प्रभावित किया।
मजदूर आंदोलन से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
स्व. योधेश्वर सिंह भोगता का जन्म 19 अगस्त 1954 को रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड के फाकोडीह गांव में हुआ था। उनके पिता स्व. तालो गंझू और माता स्व. ललिया देवी थीं। उनकी शिक्षा मांडू उच्च विद्यालय में हुई।
वर्ष 1974 में बिहार कोलियरी कामगार यूनियन (बीसीकेयू) के वेस्ट बोकारो डिवीजन, घाटोटांड कोलियरी में उपाध्यक्ष पद से उन्होंने सक्रिय राजनीति की शुरुआत की। उस दौर में कोयलांचल क्षेत्र में मजदूरों और विस्थापितों के अधिकारों का संघर्ष तेज हो रहा था। भोगता ने इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वर्ष 1975 में वे कॉमरेड ए के राय के मार्क्सवादी समन्वय समिति (एमसीसी) से जुड़े और मजदूरों के हितों के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाया।
झामुमो और टेकलाल महतो के साथ मजबूत राजनीतिक रिश्ता
झारखंड को अलग राज्य बनाने के आंदोलन में स्व. भोगता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तत्कालीन हजारीबाग जिला के चरही-घाटो क्षेत्र में लाल और हरे झंडे का समागम कर संयुक्त नेतृत्व देने वाले नेताओं में उनकी गिनती होती थी। उन्होंने आर्थिक नाकेबंदी, धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलनों के माध्यम से अलग राज्य की मांग बुलंद की। इस दौरान उन्हें कई बार गिरफ्तार भी होना पड़ा।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मांडू के पूर्व विधायक स्व. टेकलाल महतो के साथ उनका गहरा राजनीतिक जुड़ाव रहा। वर्ष 1977 से उन्होंने लगातार टेकलाल महतो के चुनाव अभियान का नेतृत्व किया और संगठन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। उस समय झामुमो चुनाव आयोग में पंजीकृत नहीं था। इस कारण वर्ष 1977 में टेकलाल महतो ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा। वर्ष 1980 में उन्होंने तीर-धनुष चुनाव चिह्न पर भी चुनाव लड़ा, हालांकि सफलता नहीं मिली।
इसके बाद भोगता लगातार उनके राजनीतिक अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे। टेकलाल महतो ने वर्ष 1985, 1995, 2000 और 2009 में मांडू विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। दोनों नेताओं की राजनीतिक साझेदारी ने क्षेत्र में झारखंड आंदोलन को मजबूती देने के साथ ग्रामीण और आदिवासी समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्व दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने योधेश्वर सिंह भोगता को सिमरिया विधानसभा से 2005 में झामुमो के टिकट पर चुनाव लड़ाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
क्षेत्र के विकास के लिए भी किया संघर्ष
स्व. भोगता का संघर्ष केवल अलग राज्य की मांग तक सीमित नहीं था। उन्होंने अपने क्षेत्र के गांवों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी लगातार आवाज उठाई। वर्ष 1993-94 में उनके नेतृत्व में हजारों लोगों ने आंदोलन किया। इसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में परेज सेल और कोल डंप खुला, जिससे तत्कालीन 12 गांवों और वर्तमान में छह गांवों के लोगों के लिए रोजगार के अवसर विकसित हुए।
वर्ष 1997 में उनके नेतृत्व में टाटा कोलियरी में मजदूर प्रशिक्षण दिलाकर 12 गांवों के 30 ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। फाकोडीह गांव में पहली बार बिजली पहुंची, सड़क बनी और सामुदायिक भवन का निर्माण हुआ।
वर्ष 2009 में झारखंड में पंचायत चुनाव के दौरान उन्होंने अंगूठी छाप चुनाव चिह्न पर मांडू भाग-1 से जिला परिषद सदस्य का चुनाव जीता। वर्ष 2009 से 2014 तक उन्होंने अपने क्षेत्र की बारूघुटु उत्तरी, पिंडरा, मांडू चरही, तापिन और कीमो पंचायतों में पंचायत सचिवालयों के निर्माण सहित विकास कार्यों में योगदान दिया।
खरवार-भोगता समाज की एकजुटता और पहचान के लिए संघर्ष
राजनीतिक संघर्ष के साथ स्व. भोगता ने खरवार-भोगता समाज के सामाजिक विकास एवं पहचान के लिए भी उल्लेखनीय काम किया। खरवार-भोगता समाज विकास संघ के माध्यम से उन्होंने समाज को संगठित करने और महापुरुषों के इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
वर्ष 1996 में तापिन में खरवार-भोगता समाज का महाधिवेशन आयोजित कर सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। वर्ष 2001 में शहीद नीलांबर-पीतांबर शाही भोगता की जन्मस्थली चेमू सेनैया से चेतना रथ यात्रा निकाली गई। इस यात्रा के माध्यम से झारखंड के 10 जिलों में समाज के लोगों को जागरूक किया गया।
वर्ष 2004 में शहीद नीलांबर-पीतांबर स्मारक समिति के केंद्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्होंने हजारीबाग स्थित संत कोलंबस कॉलेज के समीप शहीद नीलांबर-पीतांबर शाही भोगता का स्मारक स्थापित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आठ उपजातियों को एसटी सूची में शामिल कराने में अहम योगदान
स्व. योधेश्वर सिंह भोगता के सामाजिक संघर्ष की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में खरवार समाज की आठ उपजातियों को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल कराने का प्रयास रहा। इस मांग को लेकर उन्होंने वर्षों तक सरकार और प्रशासन के स्तर पर संघर्ष किया।
वर्ष 2004 में कल्याण विभाग के अनुसंधान के आधार पर जनजातीय कल्याण शोध संस्थान, रांची ने खरवार की आठ उपजातियों पर शोध रिपोर्ट तैयार की। इसमें भोगता, गंझू, देशवारी, खेरी, दौलतबंदी, पटबंदी, राउत एवं मांझिया को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की अनुशंसा की गई।
वर्ष 2012 में इस मांग को आगे बढ़ाने के लिए कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग के माध्यम से प्रयास किए गए। तत्कालीन जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष रामेश्वर उरांव सहित कई जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर समाज की मांग रखी गई।
इस लंबे संघर्ष का परिणाम वर्ष 2022 में सामने आया। 7 फरवरी 2022 को राज्यसभा में संबंधित विधेयक पेश किया गया। 30 मार्च 2022 को लोकसभा से पारित होने और 8 अप्रैल 2022 को भारत के राजपत्र में प्रकाशित होने के बाद 6 मई 2022 को झारखंड सरकार के कार्मिक विभाग की अधिसूचना जारी हुई। यह उपलब्धि खरवार-भोगता समाज के लंबे संघर्ष की ऐतिहासिक परिणति बनी।
अंतिम समय तक संगठन और समाज की रही चिंता

वर्ष 2022 के बाद स्व. भोगता का स्वास्थ्य कमजोर होने लगा। वर्ष 2024 में उन्हें मस्तिष्काघात हुआ, जिसके बाद उनकी स्थिति गंभीर हो गई। इसके बावजूद समाज और आंदोलन से जुड़े लोगों के प्रति उनकी चिंता बनी रही। वे अपने साथियों और कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत रखने तथा सामाजिक एकजुटता बनाए रखने का संदेश देते रहे।
27 नवंबर 2025 को रांची के मेदांता अस्पताल में उनका निधन हो गया। अब उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि देने की तैयारी है।
स्व. योधेश्वर सिंह भोगता का जीवन इस बात का प्रमाण है कि एक व्यक्ति का संघर्ष किस तरह मजदूरों के अधिकार, अलग झारखंड राज्य की मांग, राजनीतिक जागरूकता, ग्रामीण विकास और सामाजिक पहचान की लड़ाई को नई दिशा दे सकता है। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष, विचारों और समाज के प्रति समर्पण की याद दिलाएगी।
स्रोत : – स्व योधेश्वर सिंह भोगता के पुत्र उमेश सिंह भोगता द्वारा उपलब्ध जानकारी के आधार पर

