खबर के मुख्य बिंदु (Key Highlights)
Quick Read- बुधवार की रात यूनियन के उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्रा ने महेश प्रसाद / पीके सिंह गुट को अलविदा कहकर मोहन महतो के नेतृत्व वाले विपक्षी गुट का दामन थाम लिया।
- यह पहली बार हो रहा है जब नामांकन से ठीक एक दिन पहले इस स्तर का कोई पदाधिकारी सत्तासीन ग्रुप को छोड़कर विरोधी खेमा में शामिल हुआ है।
- सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय पूरी तरह से भावनात्मक और संगठनात्मक असंतोष के चलते लिया गया है।
- वर्तमान सत्तासीन महेश प्रसाद ग्रुप के उपाध्यक्ष हैं प्रदीप कुमार मिश्रा
- वेस्ट बोकारो कोलियरी में इस घटना को महेंद्र और शम्भू सिंह टीम का बिखराव का दे रहे संकेत
- उपाध्यक्ष, सह सचिव सहित कई एक्सक्यूटिव सदस्यों ने भी छोड़ा महेश प्रसाद ग्रुप का साथ

@Ramgarh Live – वेस्ट बोकारो (रामगढ) : राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (राकोमयु) वेस्ट बोकारो शाखा में आगामी 20 अप्रैल को होने वाले संगठनात्मक चुनाव से ठीक पहले संगठन के भीतर बड़ी सियासी हलचल देखने को मिली है। बुधवार की रात यूनियन के उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्रा ने महेश प्रसाद / पीके सिंह गुट को अलविदा कहकर मोहन महतो के नेतृत्व वाले विपक्षी गुट का दामन थाम लिया। यह पहली बार हो रहा है जब नामांकन से ठीक एक दिन पहले इस स्तर का कोई पदाधिकारी सत्तासीन ग्रुप को छोड़कर विरोधी खेमा में शामिल हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय पूरी तरह से भावनात्मक और संगठनात्मक असंतोष के चलते लिया गया है। प्रदीप मिश्रा, जिन्हें मजदूर नेता के रूप में एक सशक्त और अनुभवी चेहरा माना जाता है, 1990 में नौकरी ज्वाइन करने के साथ ही महेंद्र सिंह के नेतृत्व में मजदूर राजनीति में सक्रिय हुए थे। 2013 में शंभू सिंह गुट द्वारा उन्हें सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, और 2019 में वे महेश प्रसाद गुट से उपाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ते हुए रिकॉर्ड मतों से विजयी हुए। उनकी लोकप्रियता 2022 में फिर से साबित हुई जब उन्होंने पुनः उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।
विश्वस्त सूत्रों की मानें तो 2019 के चुनाव के दौरान ही मजदूरों की मांग पर उन्हें यह आश्वासन दिया गया था कि 2025 के चुनाव में उन्हें सचिव पद का उम्मीदवार बनाया जाएगा। लेकिन इस बार महेश प्रसाद ग्रुप द्वारा एक नए चेहरे को आगे कर देने से संगठन में दरार आ गई। खुद को दरकिनार किए जाने और नेतृत्व की उपेक्षा से क्षुब्ध होकर मिश्रा ने यह अहम फैसला लिया।
बुधवार की देर शाम अपने आवास पर आयोजित एक मिलन सभा में प्रदीप मिश्रा ने चुप्पी तोड़ते हुए यूनियन के सदस्यों और समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “एक कमजोर नेतृत्व मजदूरों का भला नहीं कर सकता। मजदूरों के हित, उनके बच्चों के भविष्य और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखते हुए हमने मोहन महतो ग्रुप को समर्थन देने का निर्णय लिया है।” उन्होंने आगे कहा, “इस बार हमें मोहन महतो की टीम को इतनी भारी मतों से विजयी बनाना है कि सत्तासीन गुट को हमारी अहमियत का अंदाजा हो।”
सभा में यूनियन के कई वरिष्ठ सदस्यों की उपस्थिति रही, जिन्होंने प्रदीप मिश्रा के इस कदम का समर्थन किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि संगठन के लिए उनका निर्णय सही दिशा में है। सभा में उपस्थित प्रमुख नेताओं में सह सचिव – मोइनुद्दीन, ज्वाइंट डिपार्टमेंटल काउंसिल (जेडीसी) के चेयरमैन आलोक प्रसाद, सेक्शनल इंचार्ज इंजीनयरिंग अनिल पांडेय, सेक्शनल सचिव उदय सिंह, जेपी सिंह, राजकुमार पांडेय, अजीम हासिम, एस ए खान, रंजीत ठाकुर, शमीम अहमद, सुनील जॉन, जेबी नाग, राकेश कुमार सिंह, आर ए तिवारी, अनुपम शुक्ला, संजय पांडेय, अरविंद उपाध्याय, सैयद जैनुल, जेपी मंडल, सीएस ओझा, योगेंद्र यादव, राकेश यदुवंशी, अरविंद दुबे, रमेश सिंह, संतोष सिंह, राजीव सिंह, पप्पू सिंह, आयुष तिवारी, मुमताज अहमद, प्रमोद कुमार साव, दीपक ठाकुर, आनंद सिंह, रजनीश सिंह, जाफर खान, अतुल सिंह, सुभाष यदुवंशी, धनंजय विश्वकर्मा, देवेश पांडेय, विक्रम सिंह, अंकित कुमार पांडेय, मुस्तफा खान, युवराज तिवारी, उदय कांत तिवारी, अत्रेय मुनि ओझा सहित दर्जनों समर्थक मतदाता शामिल थे।
इस घटनाक्रम ने न केवल यूनियन के चुनावी समीकरणों को हिला दिया है, बल्कि महेश प्रसाद ग्रुप की रणनीति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रदीप मिश्रा का यह निर्णय आगामी चुनावों में किस हद तक असर डालता है और क्या वाकई मोहन महतो गुट को इससे निर्णायक बढ़त मिलती है। मजदूरों के बीच इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज है और सभी की निगाहें अब 20 अप्रैल को होने वाले मतदान पर टिकी हैं।

