खबर के मुख्य बिंदु (Key Highlights)
Quick Read- प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष एवं महिलाएं हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर जीएम कार्यालय गेट समक्ष पहुंचे।
- प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे थे, जिससे माहौल पूरी तरह से आंदोलित नजर आया।
- JLKM का कहना है कि वर्षों से टाटा स्टील द्वारा यहां की जमीनों का उपयोग किया जा रहा है, परंतु स्थानीय रैयतों को उचित मुआवजा, रोजगार और सुविधाएं नहीं दी गई हैं।
@Ramgarh Live – वेस्ट बोकारो (रामगढ़) झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के मांडू विधानसभा प्रभारी बिहारी महतो के नेतृत्व में गुरुवार को टाटा स्टील वेस्ट बोकारो डिवीजन प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन जनवरी माह में सौंपे गए सत्रह सूत्री मांग पत्र के समर्थन में आयोजित किया गया था, जिसमें ग्रामीण रैयतों के पुनर्वास, स्थायी नियोजन, बच्चों की शिक्षा, महिलाओं को प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सुविधाएं, मुफ्त बिजली-पानी तथा खेल-कूद के प्रशिक्षण जैसी बुनियादी और सामाजिक सुविधाओं की मांगें प्रमुख थीं।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष एवं महिलाएं हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर जीएम कार्यालय गेट समक्ष पहुंचे। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे थे, जिससे माहौल पूरी तरह से आंदोलित नजर आया। JLKM का कहना है कि वर्षों से टाटा स्टील द्वारा यहां की जमीनों का उपयोग किया जा रहा है, परंतु स्थानीय रैयतों को उचित मुआवजा, रोजगार और सुविधाएं नहीं दी गई हैं।

इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से मांडू बीसीओ मधुसूदन ठाकुर को मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया था। वहीं, स्थानीय ओपी पुलिस बल के जवानों की भी उपस्थिति रही ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। JLKM के माण्डू विधानसभा प्रभारी बिहारी महतो ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुनः मांग पत्र प्रबंधन को सौंपा गया, जिस पर प्रबंधन ने 29 अप्रैल को महाप्रबंधक के साथ वार्ता का आश्वासन दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि शुक्रवार को प्रस्तावित चक्का जाम कार्यक्रम को फिलहाल टाल दिया गया है और अब यह निर्णय 29 अप्रैल को वार्ता के बाद लिया जाएगा। महतो ने प्रबंधन से मांगों को गंभीरता से लेने की अपील की है, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

