खबर के मुख्य बिंदु (Key Highlights)
Quick Read- विद्यालय के प्रातः कालीन सभा में विद्यालय के प्राचार्य तरुण कुमार मिश्रा सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर दोनों महापुरुषों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
- विद्यालय के छात्र छात्राओं ने इस अवसर पर गीत-संगीत, प्रश्नोत्तरी प्रस्तुत कर बिरसा मुंडा एवं ग्रोवर साहब के जीवनवृत्त से सभी बच्चों को अवगत कराया।
- झारखंड राज्य के जननायक बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका का निर्वहन करते हुए आदिवासियों को जागरूक किया था।

@Ramgarh Live – वेस्ट बोकारो ( रामगढ ) : टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल घाटोटांड में मंगलवार को झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर क्रांतिवीर कुशल समाज सुधारक एवं स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं सच्चे कर्मयोगी,मौलिक शिक्षाविद एवं कुशल समाज सुधारक स्वर्गीय नारायण दास ग्रोवर ( एनडी ग्रोवर ) की जयंती वैदिक परंपरागत विधि से मनाई गई।
विद्यालय के प्रातः कालीन सभा में विद्यालय के प्राचार्य तरुण कुमार मिश्रा सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर दोनों महापुरुषों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। विद्यालय के छात्र छात्राओं ने इस अवसर पर गीत-संगीत, प्रश्नोत्तरी प्रस्तुत कर बिरसा मुंडा एवं ग्रोवर साहब के जीवनवृत्त से सभी बच्चों को अवगत कराया। झारखंड राज्य के जननायक बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका का निर्वहन करते हुए आदिवासियों को जागरूक किया था । इसलिए भगवान बिरसा यहां के लोगों के लिए इतिहास पुरुष हैं । ज्ञात हो इन्हीं की जयंती के अवसर पर आज से 22 वर्ष पूर्व झारखंड राज्य का गठन हुआ था। वहीँ दूसरी ओर त्यागी एवं कर्मठ पुरुष ग्रोवर साहब ने अपने पुरुषार्थ एवं त्याग के बल पर उड़ीसा, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, बंगाल, बिहार एवं झारखंड प्रदेश के कोने-कोने में डीएवी स्कूल की स्थापना करते हुए शिक्षा का भरपूर प्रचार प्रसार किया । विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में गरीबों की मदद करते हुए शिक्षा का अखंड दीप जलाया।
इस मौके पर प्राचार्य ने विरसा मुंडा के योगदान से बच्चों को अवगत कराया तथा महात्मा ग्रोवर के कार्यों की सराहना करते हुए उनके मार्ग का अनुसरण करने की प्रेरणा दी। इस कार्यक्रम में कक्षा एलकेजी से 12वीं तक के बच्चे उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कुमारी नंदिनी ने किया तथा पूरा कार्यक्रम के लिए उत्साहजनक तथा प्रेरणादायक रहा।

