खबर के मुख्य बिंदु (Key Highlights)
Quick Read- गौरतलब है कि सीसीएल के चैनपुर उत्खनन परियोजना (सीओसीपी) में आरा मौजा खाता संख्या 57 प्लॉट 1378 रकवा 9।
- में वास्तविक रैयतों के पहचान नहीं होने के कारण विवाद बना हुआ है।
- अंचल कार्यालय मांडू के पत्राचार के अनुसार विवादित मामले का निष्पदान सीसीएल परियोजना सारुबेड़ा कार्यालय अंतर्गत लंबित है।

@Ramgarh Live – वेस्ट बोकारो,(रामगढ़): सेंट्रल कोल फील्ड लिमिटेड(Central Coalfilds Limited ) की सारुबेड़ा परियोजना कार्यालय में चैनपुर उत्खनन परियोजना (सीओसीपी) में भूमि विवाद मामले को लेकर मंगलवार को हुए आर एंड आर (Resettlement and Rehabilitation)की बैठक में सहमति नहीं बन पाई।
गौरतलब है कि सीसीएल के चैनपुर उत्खनन परियोजना (सीओसीपी) में आरा मौजा खाता संख्या 57 प्लॉट 1378 रकवा 9.09 एकड़ एवं प्लॉट 1344 रकवा 0.83 में वास्तविक रैयतों के पहचान नहीं होने के कारण विवाद बना हुआ है। अंचल कार्यालय मांडू के पत्राचार के अनुसार विवादित मामले का निष्पदान सीसीएल परियोजना सारुबेड़ा कार्यालय अंतर्गत लंबित है। इसी मामले को लेकर उक्त सीओसीपी परियोजना का उत्पादन कार्य पांच वर्षो से बाधित है।
वास्तविक भूमि से पांच गुणा अधिक भूमि का जमा है कागजात
सीसीएल सारुबेड़ा परियोजना के प्रभारी प्रबंधक राजेश कुमार यादव ने बताया कि सीओसीपी परियोजना को चालू करने में
नौ एकड़ 92 डिसमिल भूमि को लेकर विवाद है। उन्होंने बताया कि उक्त भूमि के कई दावेदारों ने 46 एकड़ 33 डिसमिल का कागजात परियोजना कार्यालय सारुबेड़ा में स्वामित्व को लेकर जमा है।
भूमाफिया की मिलीभगत से चल रहा फर्जीवाड़ा

सीसीएल द्वारा अधिग्रहण पूर्व उत्खनन किये गए भूमि पर फर्जीवाड़ा का खेल चल रहा है। 25 अगस्त 2016 को सारुबेड़ा परियोजना कार्यालय द्वारा 46 एकड़ 33 डिसमिल भूमि स्वामित्व को लेकर सूचि तैयार कर सक्षम पदाधिकारियों को भेजा गया था। सारुबेड़ा परियोजना में वर्षो से भूमि विवाद के कारण परियोजना शुरु नहीं हो पा रही है। जिससे वास्तविक रैयतों का दोहन हो रहा है। रैयतों की मांग है कि जिस तरह रकवा 23 एकड़ 74 डिसमिल में स्थल निरीक्षण कर सभी संबंधित पदाधिकारी, ग्रामीण, रैयतों, जनप्रतिनिधियों के उपस्थिति में वीडियोग्राफी करते हुए प्लॉट वार, रकवा, नाम, प्लान और फार्म-6 के साथ वास्तविक रैयतों की पहचान की गई। उसी तरह वास्तविक रैयतों की पहचान रकवा 9 एकड़ 92 डिसमिल में भी करायी जाय। मौके पर मुख्य रुप से आर एंड आर कमेटी के पदाधिकारी, सदस्यगण और ग्रामीण रैयत मौजूद रहे।
आर एंड आर कमेटी में वास्तविक रैयत का नहीं है प्रतिनिधित्व-सुरेश महतो
मंगलवार को सारुबेडा परियोजना कार्यालय में हुई बैठक में मौजा आरा के रैयत सुरेश कुमार महतो ने आरोप लगाया कि सीसीएल ने साजिश के तहत आर एंड आर कमेटी में ख़ातियानी रैयतों को जगह नहीं दिया है। महतो ने कहा कि मेरा खाता नंबर-57, प्लॉट नंबर-1378 का लगभग 5.25 एकड़ जमीन सीसीएल ने पूर्व में ही उत्खनन कर लिया है। जिसका अभी तक नौकरी और मुआवजा नहीं दिया है। यहां पर फर्जीवाड़ा कर कई लोगों ने दूसरे की भूमि पर नौकरी और मुआवजा ले लिया है। सब मिलीभगत से परियोजना को लूट रहे हैं।

