खबर के मुख्य बिंदु (Key Highlights)
Quick Read- सांसद ने कहा की पांच सूत्री मांग पत्र सौंपने आये हैं, 15 दिनों के अंदर हमारी मांगे नहीं मानी गई तो इस बार विस्थापित रैयत आर पार की लड़ाई लड़ने का मन बना चुके हैं।
- सीसीएल ने साजिश के तहत ग्रेड फोर के कोयला को ग्रेड टू करके लोकल सेल में कोयला का आवंटन बंद कर दिया।
- लोकल सेल पर दसियों हजार लोग आश्रित थे दो महीने से लोकल सेल बंद होने से रोजगार तो छिना हीं उससे जो विस्थापित अपने बच्चों को बाहर पढ़ा रहे थे उनके समक्ष आज फीस देने पर आफत है।

सीसीएल जनसमस्या को अनसुना करेगी तो विस्थापित संपूर्ण सीसीएल का चक्का जाम करेंगे – खीरु
सांसद ने सीसीएल प्रबंधन को पांच सूत्री मांग पत्र देकर, 15 दिन का दिया अल्टीमेटम, मांगे नहीं माने जाने पर एक छटाक कोयला भी बाहर नहीं जाने देने का किया एलान
जदयू के बैनर तले लोकल सेल में कोयला आवंटन की मांग को लेकर दर्जनों गांव के विस्थापित रैयतों ने सीसीएल की जेओसीपी कार्यालय समक्ष किया प्रदर्शन
@Ramgarh Live – लइयो ( रामगढ ) : सीसीएल की झारखंड ओपनकास्ट प्रोजेक्ट कार्यालय समक्ष शनिवार को जदयू के बैनर तले दर्जनों गांव के सैंकड़ों विस्थापित रैयतों ने विशाल प्रदर्शन किया। इससे पूर्व झारखंड 15 नंबर ग्राउंड से रहावन, पचमो, इचाकडीह, केदला, घोसी, लइयो, दनिया, पुरनापानी, तिलैया, तितिरमरवा सहित दर्जनों गांव के सैंकड़ों महिला और पुरुष हाथों में झंडा बैनर लिए जुलूस निकाला और प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।
इस अवसर पर विशाल प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद सह जदयू प्रदेश अध्यक्ष खीरु महतो ने कहा की आज ऐतिहासिक प्रदर्शन है जिसमें महिलाएं अपने घर का काम धाम छोड़कर रोजी – रोजगार की लड़ाई लड़ने आई है। उन्होंने कहा की आज प्रदर्शन के माध्यम से हमलोग प्रबंधन को बताने आएं हैं की यहां की जो जन समस्या है उसे सीसीएल अनसुना करेगी तो रैयत जेओसीपी हीं नहीं संपूर्ण सीसीएल का चक्का जाम करेंगे और एक छटाक कोयला भी यहां से बाहर नहीं जाने देंगे।
सांसद ने कहा की पांच सूत्री मांग पत्र सौंपने आये हैं, 15 दिनों के अंदर हमारी मांगे नहीं मानी गई तो इस बार विस्थापित रैयत आर पार की लड़ाई लड़ने का मन बना चुके हैं। सीसीएल ने साजिश के तहत ग्रेड फोर के कोयला को ग्रेड टू करके लोकल सेल में कोयला का आवंटन बंद कर दिया। लोकल सेल पर दसियों हजार लोग आश्रित थे दो महीने से लोकल सेल बंद होने से रोजगार तो छिना हीं उससे जो विस्थापित अपने बच्चों को बाहर पढ़ा रहे थे उनके समक्ष आज फीस देने पर आफत है।
हमलोग उद्योग धंधे के पक्षधर हैं तभी तो सीसीएल की कई परियोजनाएं चल रही है लेकिन कंपनी ने आज तक विस्थापितों को केवल छलने का काम किया है। प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव जदयू राजू महतो और संचालन सुरेश महतो ने किया। प्रदर्शन को श्रवण कुमार, मांडू विधानसभा प्रभारी दुष्यंत पटेल, संजय सिंह सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। मौके पर परमेश्वर महतो, सुखदेव महतो, विजय सिंह, मेघनाथ महतो, राजेश रजवार,ममता देवी, कौशल किशोर, कृष्णा कुमार सहित सैंकड़ों महिला पुरुष मौजूद थे।
जदयू ने प्रदर्शन के माध्यम से सीसीएल को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा
सीसीएल की जेओसीपी कार्यालय के समक्ष हुए प्रदर्शन माध्यम से जनता दल यूनाइटेड ने प्रबंधन को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपते हुए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। मांग पत्र में सीसीएल द्वारा खदान खुलने के बाद पहली बार ग्रेड फोर के कोयले को ग्रेड टू किया गया है इसमें सुधार, लोकल सेल में इ – ऑक्शन के तहत चालीस हजार टन कोयला दिया गया है उसे बढाकर एक लाख टन किया जाय, 1965 में सीसीएल ने लइयो और तिलैया में रैयतों की 545 एकड़ जमीन अर्जित किया था उसके बदले अभी तक नौकरी और मुआवजा का भुगतान नहीं किया गया है उसे अविलंब किया जाय, झारखंड उत्खनन परियोजना में भू – विस्थापित परिवारों के 105 व्यक्तियों के पेंडिंग नौकरी दी जाय और जेओसीपी में बाइस, केयूजीपी में तीस और केओसीपी में चार नौकरी एग्रीमेंट के दस वर्ष होने के बाद भी नौकरी नहीं दी गई। इन सभी भू स्वामियों को शीध्र नियोजन दिया जाय अन्यथा बाध्य होकर 22 नवंबर से आंदोलन किया जायेगा।
सैंपल रि-असेसमेंट के लिए मुख्यालय को पत्र लिखकर अवगत कराया है – पीओ
सीसीएल की झारखंड उत्खनन परियोजना के लोकल सेल में इ – ऑक्शन किये गए ग्रेड फोर के कोयले को ग्रेड टू किये जाने के बाद बिडिंग करने वाले लोगों ने कोयले का उठाव नहीं किया। जिसके कारण विगत एक माह से अधिक दिनों से सीसीएल द्वारा वैकल्पिक रोजगार के लिए खोला गया लोकल सेल बंद पड़ा है। जदयू के बैनर तले विस्थापित रैयतों द्वारा दिए गए अल्टीमेटम पर जेओसीपी के परियोजना पदाधिकारी बी के साहू ने कहा की सैंपलिंग का काम सीएमपीडीआई करती है। हमने मुख्यालय को इससे अवगत करा दिया है। आज रि – असेसमेंट के लिए रांची सीएमपीडीआई कार्यालय में दो सदस्यीय टीम जिसमें जोगिंद्र सिंह, ओएसडी दिल्ली और राजेंद्र चोले, ओएसडी नागपुर जांच करने आये हैं। हमने अनुरोध किया है की सैंपलिंग में त्रुटि है क्योंकि जिस सीम से कई वर्षों से कोयला निकाला जा रहा है उसमें बदलाव नहीं हुआ है तो ग्रेड कैसे बदल सकता है। पीओ ने कहा की वह जिस सीम से कोयले का उत्पादन किया जा रहा है उसी से सेम्पल लेने का अनुरोध किया है।

